नेपाल के ताप्लेजुंग के पास आया 5.4 तीव्रता का भूकंप, बिहार और बंगाल में भी महसूस हुए झटके
समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर में मंगलवार सुबह करीब 7:04 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए. ये कंपन करीब 2 सेकेंड तक रहा. कई सालों बाद समस्तीपुर में भूकंप के झटके महसूस होने के कारण अहले सुबह कई लोगों को तुरंत स्थिति समझने में देरी हुई.
बताया जा रहा है कि सुबह के समय ठंड के मौसम में लोग अपने घरों के अंदर मौजूद थे, तभी करीब 7:04 बजे धरती 2 सेकेंड तक डोल उठी. पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए.
मंगलवार को नेपाल के कोशी प्रांत में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.4 मापी गई. फिलहाल किसी बड़े नुकसान या जनहानि की जानकारी सामने नहीं आई है.
पूर्वी नेपाल में सुबह करीब 7:02 बजे भूकंप आया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र सिक्किम सीमा के करीब कोशी प्रांत के ताप्लेजुंग जिले में लेलेप से लगभग 9 किलोमीटर दूर था. भूकंप के झटके नेपाल के साथ-साथ भारत, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए होंगे.
साभार आज तक

