बदनावर के मंडी प्रांगण में 5 अप्रैल को आयोजित होगा निःशुल्क वृहद स्वास्थ्य शिविर
इंदौर एवं धार के विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे सेवाएँ, निःशुल्क जाँच एवं दवाओं का होगा वितरण
दिलीप पाटीदार
बदनावर। धार कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 5 अप्रैल 2026 को बदनावर में एक वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिला रेडक्रॉस समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति, धार के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित यह शिविर मंडी प्रांगण, बदनावर में प्रातः 10:00 बजे से प्रारंभ होगा।
विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श:
इस शिविर में अरविन्दो हॉस्पिटल इंदौर, एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर, विनायक मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल धार एवं जे.टी.पी. सरदार पटेल हॉस्पिटल बदनावर के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएँ देंगे। शिविर में हृदय रोग, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी (गुर्दा रोग), हड्डी रोग, स्त्री रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, नेत्र रोग, मेडिसिन एवं सर्जरी विभाग के विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे।
शिविर की प्रमुख विशेषताएँ एवं सेवाएँ:
निःशुल्क उपचार एवं दवाएँ: मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण होगा।
विशेष जाँच सुविधा: शिविर में रक्त परीक्षण, सिकल सेल जाँच एवं अन्य लैब जाँच की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।
टीकाकरण एवं पोषण: 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं का एच.पी.वी. (HPV) टीकाकरण किया जाएगा तथा क्षय (TB) रोगियों को फूड बास्केट का वितरण भी होगा।
कार्ड निर्माण: मौके पर ही पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं आभा (ABHA) आईडी बनाए जाएंगे।
रक्तदान शिविर: शिविर स्थल पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन भी रखा गया है।
अनिवार्य दस्तावेज:
शिविर का लाभ लेने के इच्छुक नागरिक अपने साथ आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं परिचय पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं। जिला रेडक्रास समिति एवं जिला स्वास्थ्य समिति ने अपील।कि है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ उठाएं।

