शिवपुरी में होगा ऐतिहासिक धार्मिक महाआयोजन, श्री देवकीनंदन ठाकुर जी के श्रीमुख से होगी श्रीमद् भागवत कथा
शिवपुरी से ऋषि गोस्वामी की रिपोर्ट
शिवपुरी (मध्य प्रदेश)। श्री खेड़ापति सरकार के पावन आशीर्वाद से शिवपुरी में एक भव्य एवं ऐतिहासिक धार्मिक महाआयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन श्री खेड़ापति दरबार के तत्वावधान में “गुड़ी पड़वा महा महोत्सव” के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
दरबार से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह महा महोत्सव 18 मार्च से 26 मार्च 2026 तक नर्सरी ग्राउंड, हवाई पट्टी, शिवपुरी में आयोजित होगा। इस दौरान सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य रसपान भक्तों को प्राप्त होगा।
गुड़ी पड़वा पर हिंदू नववर्ष का भव्य उत्सव
विक्रम संवत 2083 के हिंदू नववर्ष के उपलक्ष्य में यह महोत्सव बड़े ही धूमधाम और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री खेड़ापति दरबार द्वारा सभी श्रद्धालुओं को सार्वजनिक रूप से आमंत्रित किया गया है।
11 मार्च को निकलेगी जागरूकता पदयात्रा
महा आयोजन के प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता हेतु 11 मार्च 2026 को एक विशाल जागरूकता पदयात्रा निकाली जाएगी, जो बलारी माता मंदिर से प्रातः 8 बजे प्रारंभ होकर महायज्ञ स्थल तक पहुंचेगी। इसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील की गई है।
सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन
चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक सहस्त्र चंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन महामाया भगवती के दुर्गा सप्तशती के 700 सिद्ध मंत्रों की विधिवत आहुतियां दी जाएंगी।
प्रतिदिन भजन संध्या
महा आयोजन स्थल पर प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे और शिवपुरी की पावन धरा को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।
26 मार्च को होगा कन्या विवाह
महोत्सव के अंतिम दिन 26 मार्च 2026 को एक सराहनीय सामाजिक पहल के अंतर्गत मातृ-पितृ हीन, गरीब एवं असहाय कन्याओं का सामूहिक विवाह श्री खेड़ापति दरबार द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।
विद्वानों द्वारा भागवत कथा पाठ
काशी एवं वृंदावन से पधारे प्रख्यात विद्वानों द्वारा प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा का मूल पाठ भी किया जाएगा, जिससे भक्तों को शास्त्रीय ज्ञान का लाभ प्राप्त होगा।
श्री खेड़ापति दरबार ने बताया कि आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यजमान बनने के इच्छुक भक्त दरबार में संपर्क कर सकते हैं।

