मिडिल ईस्ट में महायुद्ध के आसार! ईरान पर अमेरिकी बमबारी के बाद IRGC का पलटवार, जॉर्डन-कुवैत में US ठिकानों को बनाया निशाना

  • Share on :

वॉशिंगटन/तेहरान. अमेरिका ने लगातार चौथी रात ईरान के भीतर सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए. वहीं, जवाबी कार्रवाई का दावा करते हुए ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उसने जॉर्डन, बहरीन और कुवैत में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और वेपन स्टोरेज फैसिलिटी को निशाना बनाया.
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान के भीतर उभरते खतरों को खत्म करने के उद्देश्य से सीमित संख्या में सैन्य ठिकानों पर नए हवाई हमले किए. हालांकि अधिकारी ने हमलों के स्थान या नुकसान के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी. 
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि मंगलवार देर रात अमेरिका ने ईरान की उन सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाने के लिए अतिरिक्त हवाई हमले शुरू किए, जिनका इस्तेमाल होर्मुज में व्यावसायिक जहाजों पर हमलों के लिए किया जा रहा था.
इसके साथ ही अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों और तटीय इलाकों की ओर आने-जाने वाले जहाजों पर फिर से नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर दी है. अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इस समय मध्य पूर्व में अमेरिकी नौसेना के 20 से अधिक युद्धपोत और सैकड़ों सैन्य विमान तैनात हैं और किसी भी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने हेंगाम द्वीप पर अमेरिकी प्रोजेक्टाइल गिरने की जानकारी दी. वहीं, बंदर अब्बास के आसपास भी अमेरिकी हमलों की पुष्टि स्थानीय प्रशासन ने की. ईरान के पब्लिक ब्रॉडकास्टर IRIB ने दक्षिणी ईरान के अहवाज शहर और क़ेश्म द्वीप पर भी कई धमाकों की सूचना दी. इससे पहले 13 जुलाई को अमेरिका ने ईरान के बुशेहर, चाबहार, जास्क, कोनारक, अबू मूसा और बंदर अब्बास समेत कई तटीय इलाकों में मिसाइल, ड्रोन, कोस्टल डिफेंस सिस्टम और समुद्री सैन्य क्षमताओं को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर हमले किए थे.
साभार आज तक

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper