संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में सरदार सरोवर परियोजना में आवासीय भूखण्डों की रजिस्ट्री को लेकर बैठक आयोजित
विस्थापितों को सभी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के दिए निर्देश
राजेश धाकड़
इंदौर, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े की अध्यक्षता में सरदार सरोवर परियोजना में विस्थापितों को आवंटित आवासीय भूखण्डों की रजिस्ट्री एवं अन्य विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरदार सरोवर परियोजना के विस्थापितों को आवंटित आवासीय भूखण्डों की रजिस्ट्री कार्यों में तेजी लायी जाये। शिकायत निवारण प्राधिकरण की एकल पीठ एवं युगल पीठ में लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। साथ ही सीएम हेल्पलाईन पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निराकरण करें। उन्होंने आगे कहा कि सरदार सरोवर परियोजना में धार, बड़वानी, खरगोन और आलीराजपुर जिले के प्रभावित हुए विस्थापितों को बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करें। जिसमें सड़क, पानी, बिजली, पंचायत भवन, आँगनवाड़ी, शुद्ध जल आदि शामिल हैं। संभागायुक्त ने कहा कि अधिकारी पुनर्वास स्थलों पर जायें और वहां चल रहे कार्यों की देखें और उसकी सतत मॉनीटरिंग करें।
बैठक में सूचना के अधिकार के तहत लंबित प्रकरणों की स्थिति, भूखण्ड पंजीयन, पुनर्वास, सर्विस प्रोवाइडर आदि विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में एनवीडीए के अपर संचालक श्रीमती सपना अनुराग जैन, शिकायत निवारण प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सारिका भूरिया, संयुक्त संचालक श्री रजनीश कसेरा सहित विभिन्न विभागों के सहायक संचालक एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

