स्वावलंबन की नई मिसाल — हिंदू सम्मेलन में भिक्षुक पुनर्वास केंद्र के उत्पादों ने जीता सबका दिल
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत इंदौर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में संस्था प्रवेश द्वारा संचालित भिक्षुक पुनर्वास केंद्र के हितग्राहियों के स्वावलंबन का अनुपम उदाहरण देखने को मिला। परदेसीपुरा स्थित केंद्र के पुनर्वासित इन हुनरमंद साथियों द्वारा देशी गाय के पवित्र गोबर से निर्मित कलात्मक एवं इको-फ्रेंडली उत्पादों की भव्य प्रदर्शनी शहर के चार प्रमुख स्थानों— DPS स्कूल (निपानिया), गुजराती कॉलेज, लव-कुश चौराहा और क्लर्क कॉलोनी में लगाई गई। सम्मेलन में उमड़े हजारों श्रद्धालुओं ने न केवल इन सस्टेनेबल उत्पादों की सराहना की, बल्कि भारी उत्साह के साथ इनकी खरीदारी कर पुनर्वासित हो रहे भाई-बहनों का मनोबल भी बढ़ाया।
स्टॉल उपलब्ध करवाने में RSS के श्री किशोर जी चौकसे, श्री मधुकर पिल्लई, श्रीमती अर्चना कर्णावत, श्री अरुण जी और चारू दीदी का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। संस्था प्रवेश द्वारा कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से भिक्षावृत्ति छोड़ चुके इन व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा में लाने का यह प्रयास इंदौर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बन गया है। प्रदर्शनी के दौरान लोगों ने माना कि संस्था प्रवेश का यह मॉडल न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि मानवीय गरिमा को पुनः स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम भी है। संस्था प्रवेश की टीम से सुरभी दोशी, ज्योति गुर्जर, चेतन सेंगर, रूपेन्द्र दोशी, राहुल बोरदिया, मालती दुबे व निधि ग़ौर ने स्टॉल के व्यवस्था सँभाली ।

