करधनी झपटमारी बनी महिला की मौत का कारण, खनियाधाना पुलिस ने पांच आरोपियों को किया गिरफ्तार

  • Share on :

अतुल जैन 
खनियाधाना। शिवपुरी जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र में एक महिला की मौत से जुड़े झपटमारी के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। झपटमारी के दौरान मोटरसाइकिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए खनियाधाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने एवं गंभीर अपराधों का शीघ्र खुलासा करने के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना खनियाधाना पुलिस ने इस मामले की गहन जांच कर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।

(यह था पूरा मामला)
पुलिस के अनुसार फरियादी महेश कुमार लोधी पुत्र नंदराम लोधी उम्र 48 वर्ष निवासी राजपुर थाना पिछोर ने थाना खनियाधाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी मीना लोधी उम्र 43 वर्ष 1 मई 2026 को अपनी रिश्तेदारी ग्राम हिरावल थाना चंदेरी से अपने परिचित रामनिवास लोधी के साथ मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव राजपुर लौट रही थीं।
रात्रि लगभग 7:45 बजे जब उनकी मोटरसाइकिल ग्राम अछौनी से कंजवाह नाले के आगे तथा नहर की पुलिया के पहले पिछोर-चंदेरी मार्ग पर पहुंची, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक पीछे से आए और मीना लोधी की कमर में पहनी हुई चांदी की करधनी (कमर पेटी) झपट ली।
अचानक हुए इस हमले से मीना लोधी का संतुलन बिगड़ गया और वह चलती मोटरसाइकिल से सड़क पर गिर पड़ीं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

(हत्या, लूट और गिरोहबंद अपराध की धाराओं में मामला दर्ज)
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना खनियाधाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 153/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105, 304(2), 3(5) के तहत मामला कायम किया। विवेचना के दौरान धारा 61(2) बीएनएस का भी इजाफा किया गया।
मामले में पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार की गई जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिनके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

(पांच आरोपी गिरफ्तार)
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है अरविंद यादव पुत्र इंदर सिंह यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी बस स्टैंड के पास, मायापुर।, शनि योगी पुत्र मनोज योगी, उम्र 24 वर्ष, निवासी हाई सेकेंडरी स्कूल के पास, मायापुर।, राहुल उर्फ छोटू झां पुत्र रामदीन झां, उम्र 23 वर्ष, निवासी नई बस्ती, मायापुर।,राजेश पाल पुत्र मुलायम सिंह पाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम हरीपुर, मायापुर।,दिनेश पाल पुत्र कैलाश पाल, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मलहावनी, थाना पिछोर, जिला शिवपुरी।

पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय से प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वारदात को अंजाम देने के लिए उन्होंने दो मोटरसाइकिलों का उपयोग किया था। आरोपियों के मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने आवश्यक जब्ती कार्रवाई करते हुए वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं।

(न्यायालय में पेश कर भेजा गया जेल)
पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय खनियाधाना में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपियों को सर्किल जेल शिवपुरी भेज दिया गया।

(पुलिस टीम की रही अहम भूमिका)
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक केदार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया। कार्रवाई में सउनि राम सिंह भिलाला, सउनि जगदीश बंजारा, सउनि हजारीलाल जाटव, सउनि कमल किशोर सैथिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र सिंह पाल, प्रधान आरक्षक नीतू सिंह, प्रधान आरक्षक हीरा सिंह, आरक्षक अनूप कुमार, हेमसिंह गुर्जर, जयवीर गुर्जर, देवेश जाटव, योगेंद्र सिंह, रवि वाथम, उमेश लोधी, अरविंद्र सिंह कौरव, महिला आरक्षक हनीराजा चौहान, आरक्षक संदीप, चालक राहुल लोधी तथा थाना मायापुर के उपनिरीक्षक अजय पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper