मुसाखेड़ी क्षेत्र में युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, ब्लैकमेल के आरोप — जांच शुरू
इंदौर। मुसाखेड़ी पंचशील कॉलोनी क्षेत्र में गुरुवार रात विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किए जाने का मामला सामने आया है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि युवक नाम बदलकर युवतियों के साथ गलत गतिविधियों में संलिप्त था और उन्हें फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।
जानकारी के अनुसार, कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक युवक को शेखर चौधरी के मकान में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ा और पुलिस को बुला लिया। बताया जा रहा है कि युवक के पास से कई दस्तावेज और आधार कार्ड भी बरामद हुए हैं।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि युवक ने प्रारंभ में अपना नाम मनोज राठौर बताया, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने अपना वास्तविक नाम रुबाब शाह बताया। यह भी आरोप लगाया गया है कि उसके खिलाफ कई युवतियों से संबंधित शिकायतें और सबूत मौजूद हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी पुलिस द्वारा नहीं की गई है।
इस मामले में विश्व हिंदू परिषद एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह 11:00 बजे आजाद नगर थाने के घेराव की घोषणा की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

