करैरा तहसील में फिर प्रशासनिक अव्यवस्था! दोपहर 2 बजे तक खाली रहे न्यायालय,  किसान-अधिवक्ता परेशान

  • Share on :

एसडीएम बोले— ग्वालियर में न्यायालयीन पेशी पर था, नायब तहसीलदार फील्ड में और तहसीलदार शिवपुरी गए थे; शैलेन्द्र भार्गव को तहसील भेजने की बात कही।
शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ : हेमंत भार्गव
करैरा (शिवपुरी)। करैरा तहसील कार्यालय में सोमवार को एक बार फिर प्रशासनिक व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई। आरोप है कि दोपहर करीब 2 बजे तक एसडीएम सहित राजस्व न्यायालयों में कोई भी सक्षम अधिकारी अपनी सीट पर मौजूद नहीं था। अधिकारियों की अनुपस्थिति से किसान, आम नागरिक और अधिवक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा, जिससे तहसील की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।
जानकारी के अनुसार करैरा तहसील परिसर में एसडीएम न्यायालय, एक फील्ड तहसीलदार न्यायालय तथा तीन राजस्व कार्यपालिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संचालित हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन न्यायालयों में अधिकारियों की अनुपस्थिति अब आम बात बनती जा रही है, जिसके कारण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य राजस्व मामलों की सुनवाई समय पर नहीं हो पा रही है।
किसानों का कहना है कि वे कई दिनों से अपने प्रकरणों के निराकरण के लिए तहसील के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अधिकारी उपलब्ध नहीं होने से उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इससे उनका समय और आर्थिक संसाधन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं, अधिवक्ताओं ने भी अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर कड़ी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सोमवार को कई राजस्व प्रकरण सुनवाई के लिए सूचीबद्ध थे, लेकिन संबंधित अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने से कोई कार्यवाही नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप पक्षकारों और अधिवक्ताओं को बिना सुनवाई के वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी करैरा तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर शिकायतें सामने आ चुकी हैं। लगातार मिल रही ऐसी शिकायतों ने तहसील की प्रशासनिक व्यवस्था और आमजन को मिलने वाली राजस्व सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
किसानों और अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि सभी अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण कराया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसडीएम का पक्ष
इस संबंध में करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा ने बताया, "मैं ग्वालियर में न्यायालयीन पेशी पर आया हूं। 
नायब तहसीलदार फील्ड में गए हैं। तहसीलदार शिवपुरी गए हैं। नायब तहसीलदार शैलेन्द्र भार्गव को तहसील भेज रहा हूं।"

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper