7 माह बाद मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को परिजनों से मिलवाया, थाना कनाडिया पुलिस की सराहनीय पहल
राजेश धाकड़
इंदौर। थाना कनाडिया पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए 7 माह से लापता एवं मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को उसके परिजनों से मिलवाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आष्टा में गुमशुदगी क्रमांक 125/25 दिनांक 1/12/25 को दर्ज की गई थी, जिसमें गुमशुदा पूजा मालवीय के मानसिक रूप से विक्षिप्त होने की जानकारी दी गई थी। महिला दिनांक 3/12/25 को थाना कनाडिया क्षेत्र में मिली थी, लेकिन वह अपना नाम-पता तक बताने की स्थिति में नहीं थी।
महिला की स्थिति को देखते हुए थाना कनाडिया पुलिस द्वारा उसे आशाजनली ओल्ड होम केयर में भेजा गया, जहां लगातार इलाज और देखभाल की गई। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद महिला ने अपना नाम और पता बताया। इसके बाद संस्था के सदस्यों द्वारा महिला को पुनः थाना कनाडिया लाया गया। जांच में पता चला कि महिला की गुमशुदगी थाना आष्टा में दर्ज है।
थाना कनाडिया पुलिस ने तत्काल थाना आष्टा को सूचना दी, जिसके बाद थाना आष्टा स्टाफ एवं महिला की मां सुनीता निवासी धोबी मोहल्ला, आष्टा मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई के बाद महिला को उसकी मां के सुपुर्द किया गया।
इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी सहर्ष यादव, आरक्षक मनोज पटेल, आरक्षक रामभजन गुर्जर एवं आरक्षक नीरज की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

