अभिषेक बनर्जी से कथित दुर्व्यवहार मामला: सोनारपुर से 5 आरोपी गिरफ्तार, विरोध में सड़कों पर उतरी टीएमसी
कोलकाता. तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ कथित दुर्व्यवहार और हमले के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि ये सभी स्थानीय लोग हैं, जिन्होंने सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी की यात्रा के दौरान उनका विरोध किया और उनसे गाली-गलौज की. वहीं, अभिषेक बनर्जी के कथित हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं, जबकि बीजेपी सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव परिणामों को देखते हुए आपको(अभिषेक बनर्जी) स्थिति को समझ जाना चाहिए था. क्यों आप हीरे बनने के लिए वहां गए?.
सोनारपुर पुलिस ने बताया कि टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे के दौरान उन पर हुए कथित हमले और दुर्व्यवहार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते कल पांच स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में सोनारपुर पुलिस स्टेशन में एक विशिष्ट मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इन स्थानीय लोगों को दबोचा, जिन्होंने अभिषेक बनर्जी का घेराव किया था.
उधर, अभिषेक बनर्जी के कथित हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं. हुगली जिले के चुंचुड़ा में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. पूर्व तृणमूल विधायक असित मजूमदार ने पिपुलपाती मोड़ पर सड़क जाम कर धरना दिया. प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया.
असित मजूमदार ने कहा कि अत्याचार का सामना कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्थन में जाने पर अभिषेक बनर्जी को कथित रूप से अपमानित किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके ऊपर अंडे और जूते फेंके गए, जिसके विरोध में तृणमूल कांग्रेस सड़क पर उतरी है.
बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक का ये प्रदर्शन पहले से निर्धारित था, जहां वह पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे. इसी के तहत उन्होंने जोलाघाट से बीरपाती तक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ रैली निकाली. रैली के दौरान उन्हें अभिषेक बनर्जी के साथ कथित दुर्व्यवहार की सूचना मिली. इसके बाद असित मजूमदार अपने समर्थकों के साथ चुंचुड़ा के पिपुलपाती मोड़ पर धरने पर बैठ गए.
साभार आज तक

