राजगढ़ में ईद पर भाईचारे की मिसाल: मुस्लिम समाज ने गौ संरक्षण को लेकर सौंपा ज्ञापन, गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की उठाई मांग

  • Share on :

दिलीप पाटीदार 
राजगढ़। धार जिले के राजगढ़ में आज आपसी सद्भाव और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए, आज ईद के मुबारक मौके पर राजगढ़ के मुस्लिम समाज ने गाय को 'राष्ट्र माता' घोषित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा है।
ईदगाह परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, समाज के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी समीर पाटीदार एवं तहसीलदार को यह ज्ञापन सौंपा। अपने ज्ञापन में समाज के लोगों ने कहा कि हिंदू समाज गाय को माता का दर्जा देता है और गाय के वध से उनकी भावनाएं आहत होती हैं। समाज का कहना है कि वे हिंदू समाज के साथ अपने सभी त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाते हैं ।
समाज के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों ने एकत्रित होकर यह संदेश दिया कि देश में सभी समुदायों को मिलकर सामाजिक समरसता और पशु संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार से मांग की कि गाय को “राष्ट्र माता” का दर्जा प्रदान करने पर गंभीरता से विचार किया जाए तथा गौ संरक्षण के लिए सख्त और प्रभावी योजनाएं लागू की जाएं।
ज्ञापन सौंपते समय मुस्लिम समाज के सदस्यों ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय का विशेष महत्व रहा है। गाय को सेवा, त्याग और पालन-पोषण का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि गाय ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और कृषि क्षेत्र में उसकी उपयोगिता आज भी बनी हुई है। समाज के लोगों ने कहा कि गौ संरक्षण केवल किसी एक धर्म या समुदाय का विषय नहीं बल्कि यह पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय है।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिनमें शौकत, सदर काजी फारूक खान, कालू खान, दिलावर खान, बालू खान, रहूब हाजी, शकील खान, गुड्डू सदर और पिरू खान सहित अहले मुस्लिम समाज के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper