आंध्र प्रदेश: चक्रवात 'अर्नब' से कोई जनहानि नहीं, सीएम नायडू बोले- प्रशासन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि चक्रवात अर्नब के कारण अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है। उन्होंने इसका श्रेय प्रशासन की ओर से पहले से किए गए एहतियाती उपायों को दिया। मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों समेत करीब 32 हजार कर्मचारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया कि संपत्ति को होने वाले नुकसान को कम किया जाए और चक्रवात प्रभावित इलाकों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जाए।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, नायडू ने कहा, "चक्रवात अर्नब के कारण अब तक किसी की जान जाने की खबर नहीं है। प्रशासनिक तंत्र की ओर से पहले से किए गए एहतियाती उपायों से जनहानि रोकने में मदद मिली।" नायडू ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों पर गिरे पेड़ों को दो घंटे के भीतर हटाया जाए। राष्ट्रीय राजमार्गों पर रास्ता रोकने वाले पेड़ों को तत्काल हटाने को भी कहा। उन्होंने तेज हवाएं थमने के बाद प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने चक्रवात राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, पीने का पानी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि खेतों में पानी घुसने से रोका जाए, बागवानी फसलों की सुरक्षा की जाए और तालाबों तथा नहरों के तटबंध टूटने की आशंका को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फसलों को हुए नुकसान का शुरुआती आकलन तैयार करने और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों को तैयार रखने का निर्देश दिया।
इसके अलावा, चक्रवात प्रभावित इलाकों में लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए मनमित्र प्रणाली का पूरा इस्तेमाल करने को कहा गया। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी जाए।
साभार अमर उजाला

