शिवाजी पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव संपन्न, मेधावी छात्र पुरस्कृत
ब्यूरो चीफ दिव्यानंद अर्गल
मालनपुर । औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर स्थित शिवाजी पब्लिक स्कूल में शनिवार को विद्यालय का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा एलकेजी से लेकर आठवीं तक के छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि रश्मि भदौरिया महिला थाना प्रभारी, ग्वालियर, स्कूल के संचालक दिनेश सिंह परिहार एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर किया गया।
अनुशासन और परिश्रम ही सफलता की असली चाबी : रश्मि भदौरिया
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रश्मि भदौरिया ने विद्यार्थियों में जोश भरते हुए कहा कि बच्चों असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए, क्योंकि हर गलती हमें कुछ नया सिखाती है। आप देश का भविष्य हैं, इसलिए अपने सपनों को पंख दें और पूरी ईमानदारी से मेहनत करें। अनुशासन और कड़ा परिश्रम ही वह चाबी है, जो सफलता के हर बंद दरवाजे को खोल सकती है। हमेशा याद रखें कि आपकी सुरक्षा और आपका आत्मविश्वास ही आपकी सबसे बड़ी शक्ति है।
स्कूल संचालक दिनेश सिंह परिहार ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा एक ऐसी अनमोल पूंजी है, जिसे कोई भी आपसे छीन नहीं सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपनी पढ़ाई के साथ-साथ अपने माता-पिता और गुरुओं का सदैव सम्मान करें, क्योंकि उनके आशीर्वाद के बिना सफलता अधूरी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में बचपन स्कूल की प्रिंसिपल रीटा द्विवेदी , शिवाजी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नेहा , सुनील कुमार एवं समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। समारोह के अंत में सभी मेधावी छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। पुरस्कार पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस प्रयास की सराहना की।

