रामनवमी पर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा अशोकनगर
राष्ट्रीय बजरंग दल का सेवा भाव शोभायात्रा में किया जल वितरण
अशोकनगर। रामनवमी के पावन अवसर पर शहर के सराफा बाजार स्थित श्री हनुमान मंदिर में श्रीराम जन्मोत्सव बड़े ही भव्य एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। दोपहर 12 बजे से प्रारंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत भजन-कीर्तन से हुई, जिसमें भक्तों ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का उल्लासपूर्वक स्वागत किया जन्मोत्सव के उपरांत दोपहर 3 बजे भगवान श्रीराम की भव्य एवं विशाल रथ यात्रा श्री हनुमान मंदिर सराफा बाजार से प्रारंभ हुई। यह रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकाली गई, जिसमें सुभाष गंज, स्टेशन रोड, गांधी पार्क, मिलन चौराहा, विदिशा रोड, लंबरदार गली, बजरिया मोहल्ला, पटेल पार्क और इंदिरा पार्क शामिल रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया और भक्ति में सराबोर नजर आए। इस दौरान अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा मिलन चौराहा पर शोभायात्रा में सेवा भाव का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया गया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं के लिए जल वितरण की व्यवस्था की, जिससे लोगों को काफी राहत मिली। सेवा कार्य में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था कार्यक्रम में राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष राजेन्द्र नामदेव की विशेष उपस्थिति रही। वहीं अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष संतोष रजक ने भगवान श्रीराम के रथ का विधिवत माल्यार्पण एवं आरती कर पूजन किया। उन्होंने प्रदेश एवं जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान से प्रार्थना की। इस अवसर पर मनोज जैन, नारायण सिंह विरग, विजय रजक, राजकुमार नामदेव, कला अहिरवार, ध्रुव रजक सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे शहर में निकली इस शोभायात्रा ने भक्ति, उल्लास और एकता का अद्भुत संदेश दिया।
अशोकनगर से रवि वंशकार की खास रिपोर्ट

