बिलहरी पुलिस ने 10 किलो गांजे के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को 10 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की कीमत करीब एक लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया तथा थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक अखिलेश दहिया के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को 11 जुलाई को गश्त के दौरान मुरावल चौराहा से बड़खेड़ा रोड स्थित फायरिंग रेंज के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। युवक हाथ में नीले-सफेद रंग की प्लास्टिक की बोरी लिए हुए था। पुलिस को देखकर उसने छिपने का प्रयास किया, जिस पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम गोया पवार (22) निवासी ग्राम पड़रिया कला, थाना शाहपुरा, जिला डिंडौरी तथा वर्तमान निवासी ग्राम दरोड़ी, थाना बरही, जिला कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध कुठला थाना में अपराध क्रमांक 595/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अखिलेश दहिया, चौकी प्रभारी सुयश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक दामोदर राव, प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा, आरक्षक उमाकांत तिवारी, दिलकेश्वर सिंह, लव उपाध्याय, सौरभ जैन एवं सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

