बिर्क नाइट क्लब अग्निकांड: दिल्ली से हिरासत में लिया गया सह-मालिक अजय गुप्ता, लूथरा बंधुओं को वापस लाने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस की तैयारी

  • Share on :

पणजी। गोवा नाइट क्लब अग्निकांड के मामले में गोवा पुलिस ने आरोपी सह-मालिक अजय गुप्ता को नई दिल्ली से हिरासत में लिया है। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अजय गुप्ता का पहला बयान सामने आया है। गुप्ता ने कहा, 'मैं तो बस एक साझेदार (पार्टनर) हूं। मुझे कुछ नहीं पता।'
गोवा के रोमियो लेन स्थित बिर्क नाइट क्लब में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस नाइट क्लब के सह-मालिक अजय गुप्ता ने लापरवाही का सारा दोष क्लब के मालिकों सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा पर डाला है। लूथरा बंधु अग्निकांड के कुछ ही घंटों के अंदर भारत छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे। 
इस बीच गोवा पुलिस ने फरार लूथरा भाइयों को लाने के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, थाईलैंड भागे दोनों भाइयों को लाने के लिए पुलिस ने इंटरपोल से मदद मांगी है। पुलिस इन दोनों आरोपियों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करवाना चाहती है, जिससे इन्हें भारत लाने में आसानी हो। 
घटना में 25 की जान गई। इनमें सबसे आखिरी में निकलने वाले क्लब के 20 स्टाफ सदस्य और पांच पर्यटक थे। पुलिस ने शुरुआती जांच में बताया कि आग की वजह सिलेंडर विस्फोट हो सकता है। यह आग देर रात करीब पौने बारह बजे लगी। चश्मदीदों के बयानों और आगे जांच से सामने आया कि आग की वजह इलेक्ट्रिक पटाखे हो सकते हैं।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper