खूनी धागे ने इंदौर में फिर काटी गर्दन…
राजेश धाकड़
इंदौर। शहर में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे का खौफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला तीन इमली चौराहे का है, जहां चांदमारी का भट्टा निवासी बाइक सवार हेमराज सिसोदिया खूनी चाइनीज धागे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज़ धार वाले इस धागे ने अचानक गर्दन पर वार कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
चौंकाने वाली बात यह है कि लाख पुलिसिया सख्ती और प्रशासनिक आदेशों के बावजूद शहर के छत्रीपुरा थाना क्षेत्र सहित अन्य इलाकों से लगातार चाइनीज धागे से पतंगबाजी की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह न केवल कानून की खुली अवहेलना है, बल्कि आम नागरिकों की जान के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
सवाल यह उठता है कि प्रतिबंध के बावजूद आखिर यह खूनी धागा शहर में कैसे बिक और इस्तेमाल हो रहा है? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं?
अब देखना होगा कि प्रशासन इस जानलेवा लापरवाही पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई करता है।

