एकतरफा प्यार में दरिंदगी, नाबालिग पर कुल्हाड़ी से हमला कर छत से लटकाया; हालत नाजुक

  • Share on :

पंचायत के फैसलों को ठेंगा' और 'कुल्हाड़ी से वार'
अतुल जैन 
पिछोर। शिवपुरी जिले के खोड़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार को एक 22 वर्षीय युवक ने एकतरफा प्यार में 17 वर्षीय नाबालिग के घर में घुसकर उस पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल किशोरी को घायल किया, बल्कि उसके गले में फंदा डालकर छत से लटकाने का भी प्रयास किया। गंभीर हालत में नाबालिग को ग्वालियर रेफर किया गया है।

(15 दिन पहले पंचायत में हुआ था समझौता)
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी धर्मेंद्र परिहार (22) लंबे समय से पीड़िता का पीछा कर रहा था और एकतरफा प्रेम करता था। करीब 15 दिन पहले भी धर्मेंद्र ने नाबालिग को रास्ते में रोका था, जिसे लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया था। मामले को सुलझाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। आरोपी ने लिखित/मौखिक रूप से वादा किया था कि वह भविष्य में ऐसी हरकत नहीं दोहराएगा, लेकिन पंचायत के फैसले को ठेंगा दिखाते हुए उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।

( घर में अकेली पाकर किया हमला)
शुक्रवार सुबह जब नाबालिग के माता-पिता किसी काम से बाहर गए हुए थे, तो वह घर में अकेली थी। मौके का फायदा उठाकर धर्मेंद्र परिहार घर के अंदर घुस गया। आरोपी ने पहले पीड़िता पर कुल्हाड़ी से हमला किया। जान बचाने के लिए नाबालिग भागकर छत पर चढ़ गई, लेकिन आरोपी ने वहां भी उसका पीछा नहीं छोड़ा।

(फंदा बनाकर छत से लटकाया)
आरोपी की बर्बरता यहीं नहीं रुकी; उसने किशोरी के गले में रस्सी का फंदा बनाया और उसे छत से लटकाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद आरोपी ने उसे फंदे सहित नीचे पटक दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़िता के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर कर दिया है।

(परिजनों में आक्रोश, प्रत्यक्षदर्शी ने बयां की खौफनाक दास्तान)
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी तनाव और परिजनों में आक्रोश फैल गया है। पीड़िता के परिवार की एक महिला सदस्य (ताऊ की बहू), जो इस घटना की प्रत्यक्षदर्शी है, ने बताया कि उसने अपनी आंखों से आरोपी को बर्बरता करते देखा है। आरोपी ने योजनाबद्ध तरीके से घर में घुसकर नाबालिग को प्रताड़ित किया।
फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुट गई है और आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

(इनका कहना है)
 पीड़ित परिवार की सभी मांगें सुन ली गई हैं। आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। अमोला थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता ने बताया कि मुख्य आरोपी को पकड़ लिया गया है। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। 
(शुभम गर्ग, नायब तहसीलदार)

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper