गुलाना में करोड़ों की बिल्डिंगों का लोकार्पण सुजालपुर से, तहसील के गांव सहित सलसलाई की मांगें फिर रह गईं अधूरी
स्थाई तहसील कार्यालय व अस्पताल में डिलीवरी प्वाइंट की बाट जोह रहा नगर
गुलाना/सलसलाई। भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक व मंत्री इंदर सिंह परमार द्वारा गुलाना तहसील में कराए गए विकास कार्यों की करोड़ों की बिल्डिंगों का लोकार्पण 31 तारीख को सुजालपुर से होना है। गुलाना की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो रही है, लेकिन तहसील के अन्य गांव और कस्बों की मांगे अब भी अधूरी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर मध्य प्रदेश के मुखिया का कार्यक्रम गुलाना में होता, तो तहसील सहित अन्य क्षेत्रों के विकास कार्यों की झड़ी लग सकती थी।
सलसलाई की दो बड़ी मांगे लंबित
सलसलाई नगर के लोग कब से स्थाई तहसील/टप्पा कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी प्वाइंट व डॉक्टरों की व्यवस्था का इंतजार कर रहे हैं।
यहां तहसील/टप्पा कार्यालय अस्थाई रूप से चल रहा था, जो अब बंद हो गया है। कई बार मंत्री जी को ज्ञापन दिए गए। उन्होंने स्थाई कार्यालय का आश्वासन दिया था, जो आज भी केवल आश्वासन बना हुआ है।
इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग बनाकर कई वर्षों से संचालित है, लेकिन उसमें डिलीवरी प्वाइंट नहीं है और डॉक्टरों की स्थाई व्यवस्था भी नहीं हो पाई है।
2 साल से तैयार बिल्डिंग, अब हो रहा लोकार्पण
गुलाना में कॉलेज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मंडी समिति की बिल्डिंग 2 साल पहले ही बनकर तैयार हो गई थी। अब जाकर इनका लोकार्पण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीनों ही बिल्डिंगों में निर्माण कार्य घटिया हुआ है और कई कार्य अधूरे पड़े हैं। ऐसे में इनका लोकार्पण करना चर्चा का विषय बन गया है।
नागरिकों ने सवाल उठाया है कि अब भी विकास की राह हम कब तक देखते रहेंगे।

