निशानेबाजी में चमके बुरहानपुर के लाल: एमपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में अहद को गोल्ड, मोनिस ने जीता ब्रॉन्ज

  • Share on :

महेन्द्र मालवीय रणजीत टाईम्स
इंदौर के बीएसएफ शूटिंग रेंज में आयोजित 29वीं एमपी स्टेट .22 राइफल पिस्टल चैंपियनशिप (3 से 7 जुलाई 2026) में बुरहानपुर के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में मोहम्मद अब्दुल अहद कुरैशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। वहीं, जिले के ही मोनिस मुशर्रफ हबीब ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए तृतीय स्थान (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस ने उन्हें सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कड़ी मेहनत और बुरहानपुर से भोपाल तक का सफर

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए निशानेबाजों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। अहद और मोनिस पिछले काफी समय से इस चैंपियनशिप के लिए कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास कर रहे थे। प्रशिक्षण के लिए दोनों खिलाड़ियों ने बुरहानपुर से भोपाल तक का सफर तय किया और कोच के मार्गदर्शन में अपनी तकनीकों को सुधारा। उनकी इस सफलता के पीछे उनकी कड़ी लगन और परिवार का अटूट समर्थन रहा है।

सफलता का श्रेय अपनों को दिया

मोहम्मद अब्दुल अहद कुरैशी ने अपनी जीत का श्रेय अपने कोच काशिफ लियाकत सर, अपने नाना एम.एस. खान (रिटायर्ड कमिश्नर, भोपाल), बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस दीदी, रुद्रेश्वर इंडोले जी, पिता मोहम्मद शिफाउल्लाह हाशमी, माता डॉ. निखत अफरोज और भाई उमर आरिफ को दिया। अहद ने कहा कि इन सभी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही वे आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं।
मोनिस मुशर्रफ हबीब ने बताया कि अब्दुल अहद ही उनकी प्रेरणा हैं। उन्होंने अपनी सफलता के लिए कोच मोहम्मद काशिफ लियाकत सर के कुशल मार्गदर्शन, अपने पिता मुशर्रफ जमील, माता अनिस जहां और बड़े भाई दानिश हबीब के सहयोग व दुआओं का आभार व्यक्त किया, जिससे उन्हें खेल में एक नई दिशा मिली।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे बुरहानपुर जिले में हर्ष का माहौल है और खेल प्रेमियों द्वारा उन्हें लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper