चंदन नगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: कुछ घंटों में ‘हत्या के प्रयास’ का आरोपी गिरफ्तार

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
चंदन नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में आरोपी को महज कुछ घंटों में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने आपसी लेनदेन के विवाद में युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल को जिला अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक चाकू से घायल अवस्था में लाया गया है, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम.वाय.एच अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल मोहम्मद फैजान (21 वर्ष), निवासी केशव नगर, इंदौर से पूछताछ की।
घायल ने बताया कि आरोपी तनवीर कुरैशी उर्फ तन्नु मंजरा ने उधारी के पैसे समय पर नहीं देने को लेकर विवाद करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर थाना चंदन नगर में अपराध क्रमांक 433/2026 के तहत धारा 109(1), 119(1), 296(ए) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी तनवीर कुरैशी (23 वर्ष), निवासी लक्ष्मी नगर, इंदौर को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया।
घटनास्थल की तस्दीक के दौरान आरोपी ने आसपास के रहवासियों के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और उठक-बैठक लगाकर भविष्य में अपराध न करने की शपथ ली। इस कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जो अभी जांच में हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले, उप निरीक्षक सौरभ कुशवाह, सउनि दीपेश गोराना, सउनि जहीरूद्दीन शेख सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper