चंदननगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

  • Share on :

पत्रकार :-  खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदननगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 18.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.81 लाख रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स तथा 2 लाख रुपये कीमत की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्त मशरूका की कीमत लगभग 3.81 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना प्रभारी तिलक कारोले के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिलने पर सिंहासा वाइन शॉप क्षेत्र में घेराबंदी की गई, जहां दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा कर उन्हें पानी की टंकी के पास पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अभिषेक सोलंकी (25) निवासी सिरपुर तथा अशरफ उर्फ बंटी (30) निवासी ग्रीन पार्क इंदौर बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और जल्दी पैसा कमाने के लालच में मंदसौर और रतलाम क्षेत्र से कम कीमत में एमडी ड्रग्स खरीदकर इंदौर में महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस आरोपियों से ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस रिमांड के दौरान ड्रग्स तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले, उपनिरीक्षक सौरभ कुशवाह, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, जितेंद्र सोलंकी तथा आरक्षक धीरज पाण्डेय, हरि सिंह राजपूत, अनिल मकवाना, सुनील सोनी और अरुण जाट की सराहनीय भूमिका रही।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper