हिमाचल और कश्मीर में शीतलहर का बढ़ा प्रकोप, राजस्थान-बंगाल में भी पारा सामान्य से नीचे
शिमला/श्रीनगर/जयपुर/कोलकाता। उत्तर भारत के कई राज्यों में सर्दी ने रफ्तार पकड़ ली है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है, जबकि राजस्थान और पश्चिम बंगाल में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की चेतावनी दी है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की भी संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नवंबर के मध्य से दिसंबर के आरंभ तक उत्तर भारत में शीतलहर की स्थिति और तीव्र हो सकती है।
हिमाचल प्रदेश में ठंड ने पहाड़ों और घाटियों दोनों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। लाहौल-स्पीति के ताबो में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज हुई, जहां तापमान माइनस 7.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। कीलोंग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.3 डिग्री, कुकुमसेरी में माइनस 3.1 डिग्री और कल्पा में माइनस 0.4 डिग्री रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में पानी की पाइपें जम गई हैं और सुबह के समय बर्फीली हवाओं से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी पारा सामान्य से दो से पांच डिग्री नीचे रहा। शिमला और धर्मशाला में न्यूनतम तापमान क्रमशः 8.2 और 8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, एक अक्तूबर से 13 नवंबर के बीच प्रदेश में सामान्य से 113 फीसदी अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही, जहां पारा माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। लगभग सभी इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री और गुलमर्ग में माइनस 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। काजीकुंड में पारा माइनस 1.5 डिग्री और उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा में माइनस 2.2 डिग्री तक गिर गया। केवल दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में तापमान 1.2 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने 15 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है, हालांकि 16 नवंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी या बारिश की संभावना है।
राजस्थान में फिलहाल बारिश नहीं हो रही, लेकिन ठंडी हवाओं ने सर्दी का अहसास बढ़ा दिया है। बीते 24 घंटे में अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। सीकर जिले के फतेहपुर में पारा 7 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार तापमान सामान्य से एक से दो डिग्री कम है और आने वाले हफ्ते भर मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है।
पश्चिम बंगाल में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न जिलों में रात का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री नीचे रहेगा। बारिश या घने कोहरे की संभावना नहीं है। दार्जिलिंग में बृहस्पतिवार को सबसे कम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कोलकाता में पारा 17.1 डिग्री तक गिर गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। बीरभूम जिले के श्रीनिकेतन में तापमान 13.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा।
साभार अमर उजाला

