कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने किया नगर का औचक निरीक्षण, विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश

  • Share on :

जिला ब्यूरो दिलीप पाटीदार 
धार  कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने आज शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन भ्रमण कर विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शासकीय भूमि के सदुपयोग और निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

शासकीय भूमि का भविष्योन्मुखी उपयोग हो
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने नवीन लालबाग के सामने रिक्त शासकीय भूमि का अवलोकन किया। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि इस भूमि पर 'कंजर्वेशन' निर्माण हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निर्माण करना ही उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाए कि प्रोजेक्ट से भविष्य में जनता को अधिकतम लाभ मिले। साथ ही, शहर में स्थित जर्जर और खण्डर हो चुके शासकीय भवनों को चिन्हित कर उनके स्थान पर नए निर्माण प्लान तैयार करने को कहा ताकि सरकारी संपत्ति का उचित उपयोग हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शासकीय कार्य को लंबित न रखा जाए और जिन प्रोजेक्ट्स के लिए प्रस्तावों की आवश्यकता है, उन्हें अविलंब प्रस्तुत करें। इसके अलावा, 'लो-कॉस्ट' प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

स्वच्छता और आवास योजनाओं पर जोर
किला मैदान के सामने रिक्त भूमि का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने वहां प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की संभावना तलाशने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किला मैदान के पास गंदगी देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को प्रभावी बनाने और पूरे शहर में स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
         
एसपीडीए मैदान का समयबद्ध विकास
एसपीडीए मैदान के निरीक्षण के दौरान उन्होंने खेल अधिकारी, सीएमओ और तहसीलदार को निर्देशित किया कि मैदान के बाहर बन रहे शौचालयों के निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मैदान के चारों ओर आवागमन के लिए सुगम रास्ते सुनिश्चित करने और चल रहे सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि आम नागरिक जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
         कलेक्टर के इस दौरे से प्रशासनिक तंत्र में सक्रियता बढ़ी है और उम्मीद है कि शहर के विकास कार्यों में अब और अधिक तेजी आएगी। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्रीमती अंकिता प्रजापति, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री कुंवर विश्वनाथसिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper