कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका: बैलेट पेपर से हुए चुनाव में चारों सीटें हारी पार्टी, NDA ने मारी बाजी

  • Share on :

बेंगलुरु। बिहार और उत्तर प्रदेश MLC चुनाव में मतगणना के बीच कर्नाटक के नतीजों का ऐलान हो चुका है। यहां कांग्रेस को दोहरा झटका लगा है। दरअसल, पार्टी राज्य में सत्तारूढ़ होने के बाद चारों सीटों पर चुनाव हार गई। वहीं, बैलेट पेपर पर आए नतीजों को लेकर विपक्ष कांग्रेस को निशाने पर ले रहा है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी और जनता दल सेक्युलर ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। खास बात है कि कांग्रेस लगातार देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाने की मांग कर रही है।
कर्नाटक विधान परिषद सदस्य चुनाव में तीन सीटें भाजपा और एक जेडीएस को मिली हैं। भाजपा ने उत्तर पूर्व शिक्षक, दक्षिण पूर्व स्नातक और पश्चिम स्नातक सीट पर जीत हासिल की है। तीनों ही सीटों पर कांग्रेस नेताओं को हराया है। जबकि, जेडीएस के खाते में बेंगलुरु शिक्षक सीट आई है। यहां भी पार्टी ने कांग्रेस नेता को हराया है। खास बात है कि पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी के कार्यकाल में कांग्रेस और जेडीएस साथ गठबंधन की सरकार में थे।
बैलेट पेपर पर हुए चुनाव में जेडीएस नेता एपी रंगनाथ ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस एमएलसी पुटन्ना को हराया है। एक ओर जहां रंगनाथ को 10 हजार 810 वोट मिले। जबकि, कांग्रेस प्रत्याशी पुटन्ना को महज 9 हजार 902 वोट ही मिल सके थे। वहीं,भाजपा के शशिल जी नमोशी ने उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की है।
खास बात है कि कांग्रेस लगातार बैलेट पेपर पर चुनाव की मांग करती रही है और EVM यानी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाती रही है। अब ताजा नतीजों के बाद जेडीएस नेता निखिल कुमारस्वामी ने लिखा, 'राहुल गांधी सर, ईवीएम पर आरोप नहीं लगा पाएंगे इसबार। राज्य की मशीनरी आपके हाथों में है और पेपर बैलेट्स से हुए थे।'
उन्होंने लिखा, 'इसके बाद भी एनडीए के श्री एपी रंगनाथ बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एमएलसी चुनाव जीत गए। अब जब पढ़े लिखे शिक्षकों ने आपकी सरकार की नाक के नीचे पेपर पर वोट किया है, तो आज क्या बहाना देंगे। पेपर चोरी का? एपी रंगनाथ और भाजपा और जेडीएस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं।' खास बात है कि पहले कांग्रेस जेडीएस के साथ मिलकर कर्नाटक में सरकार बना चुकी है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper