नवनियुक्त एसडीएम चरणजीत सिंह हुड्डा से प्रेस क्लब की सौजन्य भेंट

  • Share on :

स्वागत एवं पौधारोपण के साथ पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
देपालपुर। देपालपुर के नवनियुक्त एसडीएम  चरणजीत सिंह हुड्डा से गुरुवार
 को प्रेस क्लब देपालपुर के अध्यक्ष विमल फौजी के नेतृत्व में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर एसडीएम श्री हुड्डा का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंटकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
भेंट के दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष विमल फौजी ने एसडीएम श्री हुड्डा का स्वागत करते हुए प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब देपालपुर केवल पत्रकारिता तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक समन्वय से क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान में और अधिक प्रभावी कार्य होगा।
कार्यक्रम में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत एसडीएम श्री हुड्डा एवं प्रेस क्लब के सदस्यों ने पौधारोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी पत्रकारों ने संकल्प लिया कि वे केवल पौधे लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं मानेंगे, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल करेंगे, उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे तथा अन्य लोगों को भी अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करेंगे। सभी ने एक स्वर में कहा कि "जल है तो जीवन है और पौधे हैं तो जल है।" यदि पर्यावरण सुरक्षित रहेगा तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करना चाहिए।
एसडीएम श्री चरणजीत सिंह हुड्डा ने प्रेस क्लब की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। यदि समाज का प्रत्येक नागरिक इस अभियान से जुड़े तो क्षेत्र में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब देपालपुर के माध्यम से यह अभियान पूरे क्षेत्र में जनआंदोलन का स्वरूप लेगा और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़ेंगे। उन्होंने प्रशासन की ओर से ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब के अध्यक्ष,उपाध्यक्ष संजय चौहान,भारत तंवर,जेपी नागर,कैलाश गौड़ , उदय सिंह चावड़ा,दीपक शर्मा ,जितेंद्र नकुम,विजय जोशी, वेदांत वर्मा ने एसडीएम चरणजीत सिंह हुड्डा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल, पारदर्शी एवं जनहितैषी कार्यकाल की कामना की। साथ ही प्रशासन एवं मीडिया के बीच सदैव सकारात्मक संवाद, सहयोग और समन्वय बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper