तीन साल की शांति के बाद फिर लौटा कोविड, महाराष्ट्र में जुलाई में आए सबसे ज्यादा मामले
पुणे। कोरोना वायरस (Covid-19) ने करीब तीन साल की शांति के बाद महाराष्ट्र में एक बार फिर से दस्तक दी है। राज्य में विशेषकर पुणे शहर में पिछले 10 दिनों के भीतर कोविड के मामलों में तेजी से इजाफा हुआ है। हालांकि, राहत की बात यह है कि ज्यादातर मामले हल्के लक्षणों वाले हैं और स्वास्थ्य विभाग या विशेषज्ञों को फिलहाल किसी नई लहर का कोई संकेत नहीं दिखा है।
राज्य स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में इस साल अब तक कोविड-19 के 48 मामले सामने आ चुके हैं। गनीमत यह रही है कि इनमें से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है। लगभग तीन वर्षों तक यह वायरस रडार से बाहर रहा, लेकिन साल 2026 में इसके मामलों में धीरे-धीरे वृद्धि देखी जा रही है। इस साल जनवरी में 3, फरवरी में 1, जून में 11 और अब तक जुलाई में 21 मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, ज्यादातर पॉजिटिव केस नियमित कोविड टेस्टिंग के दौरान नहीं मिल रहे हैं। ये मामले तब सामने आ रहे हैं जब मरीज किसी अन्य बीमारी के लिए डॉक्टर की सलाह पर जांच करा रहे हैं या फिर किसी सर्जरी से पहले उनका प्री-ऑपरेटिव फिटनेस टेस्ट किया जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह वायरस अब इन्फ्लूएंजा की तरह बर्ताव कर रहा है। लोगों में इम्युनिटी कम होने और नए वेरिएंट के उभरने के कारण हर एक-दो साल में इसके मामलों में इस तरह का उछाल आना स्वाभाविक है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

