स्कूल चले अभियान के तहत भोज कन्या विद्यालय में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव संपन्न

  • Share on :

नवीन सत्र के शुभारंभ पर छात्राओं का स्वागत कर पाठ्य पुस्तकों व साइकिल का किया वितरण। 
दिलीप पाटीदार 
धार। स्कूल चले अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन एकीकृत शासकीय भोज कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, धार में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक नीना विक्रम वर्मा द्वारा विद्यालय की घंटी बजाकर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक श्रीमती वर्मा ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास, मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, जिससे वे अपने परिवार, समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री चौधरी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनका लाभ उठाकर बालिकाएं अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण एवं साइकिल वितरण भी किया गया। इस अवसर पर छात्राएं बहुत उत्साहित नजर आई। विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वागत भाषण संस्था प्राचार्य श्री राजेंद्र पांडे द्वारा दिया गया। जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप खरे ने जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं नवीन शैक्षणिक सत्र के लक्ष्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान विधायक द्वारा विद्यालय में चार नवीन शौचालय निर्माण की घोषणा भी की गई।
इस अवसर पर पार्षद श्रीमती आशा पटेल, सहायक आयुक्त श्री नरोत्तम बरकड़े, जिला शिक्षा अधिकारी श्री केशव वर्मा, डाइट प्राचार्य श्री मनोज शुक्ला, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री भरतराज सिंह राठौर एवं श्री देवेंद्र दीक्षित सहित जिला शिक्षा केंद्र एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
   कार्यक्रम का संचालन सहायक परियोजना समन्वयक श्री प्रवीण शर्मा द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन जिला शिक्षा अधिकारी श्री केशव वर्मा ने किया।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper