मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के उद्बोधन के साथ जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन
आदित्य शर्मा
इंदौर। भारतीय जनता पार्टी जिला इंदौर ग्रामीण द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के जिला प्रशिक्षण वर्ग का समापन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ संपन्न हुआ।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति का एक महत्वपूर्ण अंग है। प्रशिक्षण ही एक कार्यकर्ता को गढ़ने और उसे संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करने योग्य बनाता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार किसी पौधे को समय-समय पर खाद और संरक्षण की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार कार्यकर्ताओं को भी नियमित प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है, जिससे उनका मन, विचार और कार्य सदैव सही दिशा में अग्रसर रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा और सबसे सफल राजनीतिक संगठन है। इसकी सफलता का प्रमुख कारण संगठन की सुदृढ़ कार्यपद्धति, समय के अनुसार स्वयं को ढालने की क्षमता तथा समाज के बीच निरंतर सक्रिय उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संघर्ष के दौर में सड़क से लेकर जनआंदोलनों तक समाज के बीच रहकर कार्य किया और आज सत्ता में रहते हुए भी जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से इसलिए अलग है क्योंकि यहां निर्णय सामूहिकता और संगठनात्मक परंपराओं के आधार पर लिए जाते हैं। भाजपा की पहचान उसकी विचारधारा, कार्यपद्धति और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, समाजहित और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित संगठन है और उसकी विचारधारा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद ने राष्ट्र को नई दिशा प्रदान की तथा भाजपा आज भी उन्हीं मूल्यों और सिद्धांतों के आधार पर कार्य कर रही है। उन्होंने प्रशिक्षण को संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि विचार, संगठन और सेवा के संकल्प के साथ आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं में सार्वजनिक जीवन के आचरण, व्यवहार और जनसेवा की भावना मजबूत होती है तथा समाज की चुनौतियों का समाधान करने की क्षमता विकसित होती है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति, सुशासन, जनसेवा, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण एवं समसामयिक विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ नेताओं एवं संसाधन व्यक्तियों ने मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सांसद कविता पाटीदार,विधायक डाॅ राजेश सोनकर, विधायक उषा ठाकुर, विधायक मधु वर्मा, संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, वरिष्ठ नेता देवरसिंह परिहार, पूर्व विधायक विशाल पटेल, पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार, उमा नारायण पटेल, गोपाल सिंह चौधरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी अजय नारुका,पूर्व जिला अध्यक्ष घनश्याम नारोलिया चिंटू वर्मा राम स्वरूप गेहलोत रामविलास पटेल मुकेश जरिया , बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के उद्बोधन के पश्चात प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत समापन किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

