इंदौर में घरेलू गैस का दुरुपयोग, ठेकेदार की दबंगई—पत्रकारों से अभद्रता
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक ओर जहां आम जनता गैस की किल्लत से जूझ रही है, वहीं दूसरी ओर बाणगंगा थाना क्षेत्र के ब्रिज के पास कुछ रसूखदार ठेकेदार खुलेआम घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते नजर आए।
जब इस मामले की जानकारी लेने के लिए पत्रकार मौके पर पहुंचे, तो संबंधित ठेकेदार ने न सिर्फ सवालों से बचने की कोशिश की, बल्कि अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी भरे अंदाज में कहा कि “मेरा पूरे शहर में 100 करोड़ का काम चल रहा है, तुम जैसे कई पत्रकार आते हैं, हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते, हम ऐसे ही काम करेंगे।”
इतना ही नहीं, ठेकेदार ने यह भी दावा किया कि यह क्षेत्र शुक्ला परिवार का है। हालांकि जब इस विषय में शुक्ला परिवार से बात की गई, तो उन्होंने इस पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ते हुए किसी भी प्रकार की जानकारी या संबंध से इनकार कर दिया।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब ठेकेदार ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पत्रकारों को मौके से धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार पर कार्रवाई करेगा? क्या घरेलू गैस के दुरुपयोग और पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले इस ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, या फिर मामला यूं ही दबा दिया जाएगा?

