महाराष्ट्र के पालघर में राम नवमी जुलूस पर फेंके गए अंडे, घटना के बाद तनाव

  • Share on :

रामनवमी के जुलूस पर एक और हमले की खबर है। महाराष्ट्र के पालघर में कथित तौर पर कुछ लोगों ने रैली पर अंडे फेंके। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। हालांकि, बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। इधर, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी ने जुलूस पर पथराव के आरोप लगाए हैं। इससे जुड़े वीडियो भी साझा किए गए हैं, जिसमें वाहनों के कांच फूटे नजर आ रहे हैं।
रविवार को हुई इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में केस दर्ज हो गया है। पुलिस ने जानकारी दी है कि पूछताछ के लिए एक शख्स को हिरासत में भी लिया गया है।
पीटीआई भाषा के अनुसार, सकल हिंदू समाज की ओर से राम नवमी पर रैली का आयोजन किया गया था। पुलिस ने बताया है कि रैली चिखलडोंगरी स्थित सर्वेश्वर मंदिर से शुरू हुई थी और विरार (पश्चिम) में ग्लोबल सिटी के पिंप्लेश्वर मंदिर जा रहे थे। उस दौरान यह घटना हुई। खबर है कि रैली में 100 से 150 वाहन सवार थे। इसके अलावा एक रथ और दो टैंपो भी रैली का हिस्सा थे।
एजेंसी से बातचीत में अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद कुछ पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया था। बोलिंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, अधिकारियों ने जनता से शांत रहने और सोशल मीडिया पर अफवाहों को नहीं फैलाने की अपील की है।
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने वीडियो शेयर किया है। उन्होंने आरोप लगाए हैं, 'कोलकाता के पार्क सर्कस सेवन पॉइंट इलाके में राम नवमी जुलूस के लौटने के दौरान हिंदू श्रद्धालुओं पर बड़ा हमला किया गया। भगवा झंडा लेकर चलने के कारण वाहनों पर पत्थरों की बारश की गई। कांच तोड़ दिए गए। जमकर बवाल किया गया। यह ऐसे ही नहीं हुआ है। यह निशाना बनाकर की गई हिंसा थी।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper