बगीचा सरकार मंदिर में बुजुर्ग महिला की सोने की चैन चोरी, श्रद्धालुओं में बढ़ी चिंता

  • Share on :

करैरा ब्यूरो। करैरा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बगीचा सरकार हनुमान मंदिर में दर्शन करने पहुंची एक बुजुर्ग महिला चोरी की वारदात का शिकार हो गईं। भीड़भाड़ के बीच अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चैन काट ली। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार रामदेवी त्रिपाठी (70 वर्ष) मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे बगीचा सरकार मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। बताया जाता है कि दर्शन के बाद जब वह हनुमान मंदिर के सामने स्थित सीढ़ियों के पास थीं, तभी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चैन पार कर दी। घटना इतनी तेजी से हुई कि उन्हें तत्काल कुछ समझ नहीं आया। चैन खिंचने का अहसास होने पर उन्होंने पीछे देखा, लेकिन भीड़ के कारण किसी संदिग्ध की पहचान नहीं हो सकी।
परिजनों के मुताबिक चोरी हुई चैन का वजन करीब 10 ग्राम था, जबकि उसमें लगभग 3 ग्राम का सोने का पेंडल लगा हुआ था। इस तरह कुल करीब 13 ग्राम सोना चोरी होने की बात कही जा रही है।
घटना के बाद पीड़िता और उनके परिजनों ने करैरा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
सवाल जो उठ रहे हैं
क्या मंदिर परिसर में सक्रिय है चैन स्नैचरों का गिरोह?
भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है?
सीसीटीवी निगरानी के बावजूद आरोपी कैसे बच निकले?
फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां और आरोपियों की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।
हेमंत भार्गव शिवपुरी जिला ब्यूरो चीफ

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper