चुनावी घमासान: मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ INDIA ब्लॉक का हल्लाबोल, राहुल-प्रियंका गांधी के खिलाफ मामला दर्ज
मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन आज, 7 अक्टूबर को भी जारी है। INDIA ब्लॉक के दलों ने वोटर लिस्ट के SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है। मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग की ओर मार्च किया था, जिन्हें पुलिस ने रोक दिया और बाद में हिरासत में लिया गया। आज AAP, कांग्रेस और वाम दलों ने भी दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय तक प्रदर्शन का ऐलान किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने आज दिल्ली में विपक्षी सांसदों को लंच पर बुलाया है। सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की मांग करने वाले एक पत्र पर हस्ताक्षर करेंगे। सूत्रों ने ये जानकारी दी।
आकाशवाणी की ओर से दिल्ली पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर आरोप है कि 6 अक्टूबर को INDIA ब्लॉक के चुनाव आयोग मार्च के दौरान वे आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति प्रवेश कर गए। दरअसल, चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे विपक्षी नेताओं को पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए। करीब नौ घंटे चले गतिरोध के बाद दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था। आकाशवाणी की शिकायत के बाद अब इस मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

