कटनी में मुख्यमंत्री मोहन यादव के आगमन के पूर्व ही पुलिस प्रशासन ने Nsui कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार
कटनी से जिला ब्यूरो नवल किशोर
कटनी । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कटनी दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि बिना किसी पूर्व सूचना, प्रदर्शन की घोषणा या स्पष्ट कारण बताए उन्हें विभिन्न स्थानों से हिरासत में लेकर अलग-अलग थानों में रखा गया। इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन बताते हुए कांग्रेस ने प्रशासन और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि “गिरफ्तारियों से हम डरने वाले नहीं हैं। फर्जी मुकदमों और जेल की धमकियों से हमारी आवाज नहीं दबाई जा सकती। यदि सरकार को युवाओं से इतना डर है कि मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही विपक्षी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया जा रहा है, तो यह लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।”नेताओं ने जिला प्रशासन पर सत्ता के दबाव में कार्य करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन को किसी राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि संविधान और तिरंगे के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत है।कांग्रेस के अनुसार, सोशल मीडिया उपाध्यक्ष शशांक गुप्ता, छात्र नेता अभिषेक पयासी अजय खटीक सहित कई कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर विभिन्न थानों में रखा गया। पार्टी ने इन कार्रवाइयों की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बताया है।कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि लोकतांत्रिक अधिकारों का इसी तरह हनन होता रहा तो पार्टी पूरे प्रदेश में आंदोलन तेज करेगी और इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी।

