इंदौर के सिमरोल में पौने दो करोड़ की एक्सपायर बीयर नष्ट, आबकारी विभाग की सख्त और पारदर्शी कार्रवाई

  • Share on :

आदित्य शर्मा
रणजीत टाइम्स
इन्दौर जिले के सिमरोल क्षेत्र स्थित माउण्ट एवरेस्ट ब्रेवरीज लिमिटेड, मेमदीग्राम में एक्सपायर हो चुकी बीयर के नष्टीकरण की बड़ी कार्रवाई को आबकारी विभाग द्वारा नियमानुसार और पूर्ण पारदर्शिता के साथ अंजाम दिया गया। निर्धारित नियमों एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अंतर्गत विभिन्न ब्राण्डों की 23154 पेटियों में भरी 2 लाख 23 हजार 316 लीटर एक्सपायर बीयर, जिसका डिस्टलरी मूल्य लगभग पौने दो करोड़ रुपये आँका गया है, का नष्टीकरण किया गया।
यह सम्पूर्ण कार्यवाही उपायुक्त आबकारी श्री संजय तिवारी की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा की गई। सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी ने बताया कि उक्त बीयर मध्यप्रदेश सहित दिल्ली, असम एवं महाराष्ट्र राज्यों में आपूर्ति हेतु निर्मित की गई थी, लेकिन समय पर मांग प्राप्त न होने के कारण निर्धारित अवधि में निर्यात नहीं हो सका। निर्माण तिथि से छह माह से अधिक समय पूर्ण हो जाने पर इकाई प्रभारी द्वारा इसकी सूचना आबकारी विभाग को दी गई।
आबकारी विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार प्रक्रिया का पालन करते हुए नष्टीकरण की कार्रवाई प्रारम्भ की, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि एक्सपायर बीयर का किसी भी स्तर पर विक्रय या आपूर्ति न हो सके तथा जन स्वास्थ्य और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा बनी रहे। इसके तहत स्टॉक का सत्यापन, गणना एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएँ पूरी कर विभागीय निगरानी में नष्टीकरण किया गया।
तीन दिवस तक चली इस कार्यवाही में 10, 11 एवं 12 जनवरी 2026 को बोतलों में भरी बीयर को बहाकर तथा केन में भरी बीयर को बुल्डोजर एवं जेसीबी मशीन से कुचलकर नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
नष्टीकरण के दौरान गठित समिति में उपायुक्त आबकारी श्री संजय तिवारी, सहायक आयुक्त आबकारी श्री अभिषेक तिवारी, इकाई प्रभारी अधिकारी श्रीमती प्रतीक्षा शर्मा सहित श्री धर्मेन्द्र जोशी, श्री जहांगीर खान, श्री राजेश जैन, श्री आर.एस. पुरोहित, समस्त सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षक श्रीमती मीना माल एवं आबकारी आरक्षकगण उपस्थित रहे।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper