महिला सफाईकर्मी की गिरने से मौत, परिजनों में आक्रोश – सख्त कार्रवाई की मांग
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर (लसूड़िया): लसूड़िया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में साफ-सफाई का काम कर रही महिला की दूसरी मंजिल से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतका की पहचान लाड़कीबाई (32), पति कन्हैया, निवासी निपानिया कांकड़ के रूप में हुई है। वह एक बंगले में घरेलू कामकाज और सफाई करने गई थी। रविवार दोपहर जब वह दूसरी मंजिल पर पोछा लगा रही थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने या पैर फिसलने से नीचे गिर गई। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका का पति नर्सरी में काम कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उनके तीन बच्चे राजकुमार, संजना और संध्या हैं।
इस घटना को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज परमार जी के नेतृत्व में लखन देपाले (इंदौर) द्वारा थाना प्रभारी से चर्चा की गई, जिसमें मांग की गई कि मामले को गंभीरता से लिया जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा राशि दी जाए।
इस दौरान रितेश परिहार (जिला अध्यक्ष), सचिन मंन्सोरे रोहित सिसोदिया, गोलू गंदारे, सुनील भाई सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

