फिच रेटिंग्स का बड़ा अनुमान: चालू वित्त वर्ष में 6.9% रहेगी भारत की जीडीपी ग्रोथ; अक्टूबर में बढ़ सकती है रेपो रेट

  • Share on :

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था अपनी मजबूती का प्रदर्शन कर रही है। रेटिंग एजेंसी फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष (FY27) के लिए भारत की जीडीपी विकास दर का अनुमान 6.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत कर दिया है। जून तिमाही में दर्ज की गई 7.8 प्रतिशत की मजबूत आर्थिक वृद्धि और समग्र लचीलेपन को देखते हुए यह संशोधन किया गया है। 
हालांकि, एजेंसी का अनुमान है कि बढ़ती महंगाई और आपूर्ति संबंधी चिंताओं को देखते हुए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) आगामी अक्तूबर मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत (25 बेसिस पॉइंट्स) की बढ़ोतरी कर सकता है।
फिच रेटिंग्स के अनुसार, चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की जीडीपी ग्रोथ दर ने यह साबित किया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था बाहरी झटकों का मुकाबला करने में सक्षम है। वर्ष 2026 की पहली छमाही में व्यापार की शर्तों में गिरावट और अमेरिका-ईरान युद्ध के प्रभाव के बावजूद देश की विकास दर मजबूत बनी हुई है। 
रेटिंग एजेंसी का मानना है कि निजी निवेश के मोर्चे पर स्थिति काफी बेहतर दिख रही है। फिच का अनुमान है कि देश में निजी निवेश में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हो सकती है। इसके अलावा, जुलाई महीने में गैर-खाद्य ऋण वृद्धि सालाना आधार पर 19 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच गई, जो कॉरपोरेट क्षेत्र में मजबूत मांग को दर्शाती है।
साभार अमर उजाला

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper