फ्लोरिडा विमान दुर्घटना: रिहायशी इलाके के पास क्रैश हुआ लियरजेट-60, भीषण आग लगने से 9 की मौत
फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। यहां नौ लोगों को लेकर जा रहा एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को इसकी पुष्टि की। विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
हादसे का शिकार हुआ विमान लियरजेट-60 था। यह दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजरते समय अचानक नीचे की ओर गिरा और सड़क के पास जोरदार धमाके के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई और आसमान में आग का बड़ा गोला दिखाई दिया। विमान सड़क के पास गिरा, जहां जमीन पर बड़ा गड्ढा बन गया। घटनास्थल पर चारों ओर आग की लपटें और काले धुएं का गुबार फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रिहायशी मकानों के बेहद करीब गिरा। हादसे के दौरान वह घरों से कुछ ही दूरी पर सड़क के पास जा गिरा। मौके पर मौजूद लोग यह देखकर हैरान थे कि विमान मकानों और वहां से गुजर रहे वाहनों से टकराने से बाल-बाल बचा। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हादसे में आसपास के मकानों को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं।
साभार अमर उजाला

