कोहरे से थमा जनजीवन: पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड; पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी की भविष्यवाणी
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेता पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड का सामना कर रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के राज्यों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। वहीं न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक जा सकता है।
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने की वजह से सड़कों पर यातायात प्रभावित दिखाई दिया। वहीं पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में घना कोहरा गिर सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े इलाके में रविवार को कोहरा छाया रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कोहरा देखने को मिल सकता है। उत्तर प्रदेश में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री तक जाने का अनुमान है। बारिश जैसी किसी गतिविधि का अनुमान नहीं है। हालांकि बर्फीली हवाएं ठंड बढ़ाएंगी। मौसम विभाग का कहना है कि 13 से 14 दिसंबर के बीच शीतलहर का प्रकोप बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों विशेषकर पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तराई क्षेत्रों में घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी। इसी के मद्देनज़र अगले 2-3 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा उसके बाद 2 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को प्रदेश बरेली, गोरखपुर, अयोध्या, कुशीनगर, बलिया और बस्ती में घना कोहरा दर्ज किया गया जबकि मुरादाबाद और आज़मगढ़ में भी कोहरा दर्ज किया गया।
बिहार में पछुआ हवाओं की वजह से ठंड में इजाफा हो गया है। अगले दो दिन तापमान में बदलाव का कोई संकेत नहीं है। राज्य के बड़े हिस्से में शाम और सुबह घना कोहरा छाया रह सकता है। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान है। लद्दाख में 13 से 18 दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 14 दिसंबर को बारिश हो सकती है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

