विदेशी सांसद बोले- भारत में आतंकवाद बढ़ा रहा पाकिस्तान, खत्म हो कश्मीर के हिस्से पर कब्जा
आतंकवाद को पालने वाले पाकिस्तान को ब्रिटिश सांसद 'असफल राष्ट्र' बता रहे हैं। साथ ही मुल्क के काम करने के तरीके पर भी सवालिया निशान लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है। उन्होंने जम्मू और कश्मीर के पहलगाम हुए आतंकवादी हमले की भी निंदा की और भारत का समर्थन करने की बात कही है। 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने पहलगाम में 26 लोगों की हत्या कर दी थी।
हाल ही में सांसद बॉब ब्लैकमैन ने भारतीय जनता पार्टी सांसद रवि शंकर प्रसाद की अगुवाई वाले प्रतिनिधिमंडल से लंदन में मुलाकात की थी। समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भारत के साथ खड़े होने की अपील की है।
उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान एक असफल राष्ट्र है। पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है। पाकिस्तान के हिस्सों में लोग हैं, जो पाकिस्तानी सैन्य शासन में भुगत रहे हैं। यहां कमान किसके हाथ में है। यहां लोकतंत्र है या जनरल हैं। और यह साफ है कि पाकिस्तान से संप्रभु भारत में आतंकवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है।'
उन्होंने कहा, 'हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम संदेश दें कि जम्मू और कश्मीर में भारत के हिस्से पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा खत्म होना चाहिए। सैनिकों को वहां से चले जाना चाहिए और पूरे जम्मू और कश्मीर को एक प्रमुख राज्य के रूप में एकजुट किया जाना चाहिए, जैसा कि 1947 में चाहा गया था। इसके बाद हम आतंकवाद को उखाड़ फेंकने के लिे काम करें और यह सुनिश्चित करें कि लोग घाटी की सुंदरता का मजा लें।'
साभार लाइव हिन्दुस्तान