शासकीय माध्यमिक विद्यालय का हुआ निरीक्षण,कलेक्टर द्वारा शिक्षा व्यवस्था की हुई सराहना
प्रदीप सिंह बघेल
शहडोल। शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत संचालित शासकीय माध्यमिक विद्यालय मैकी का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रसोई कक्ष, कक्षाओं, प्रधानाध्यापक कक्ष एवं विद्यालय परिसर का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने विद्यालय में साफ-सफाई, रख-रखाव एवं शिक्षा व्यवस्था के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने शिक्षकों से चर्चा कर विद्यालय में पदस्थ स्टाफ एवं विद्यार्थियों की संख्या के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की।
इस दौरान सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा, प्राचार्य श्री संजय पांडे, प्रधानाध्यापक श्रीमती जयश्री जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

