पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में लू की चेतावनी, बिहार में आज भारी बारिश का अलर्ट

  • Share on :

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में लू (हीटवेव) को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें राजस्थान और गुजरात के कई इलाके शामिल हैं। राजस्थान के कुछ इलाकों में 19 अप्रैल को भीषण लू पड़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि, दिल्ली के लिए राहत की खबर है। यहां 22 अप्रैल तक लू की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
आईएमडी के अनुसार, बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। गुरुवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 17 से 22 अप्रैल के बीच दिल्ली में अधिकतम तापमान 38°C से 41°C और न्यूनतम तापमान 23°C से 27°C के बीच रहेगा। इस दौरान दक्षिण-पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिण-पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी। आईएमडी की क्षेत्रीय भविष्यवाणी केंद्र के अनुसार, 22 अप्रैल तक दिल्ली में लू या गर्म रातों की कोई आशंका नहीं है।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम राजस्थान में 18 अप्रैल तक कई हिस्सों में लू और भीषण लू, जबकि 19 अप्रैल को कुछ इलाकों में लू की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 19 अप्रैल तक कुछ स्थानों पर लू रह सकती है। गुजरात में 17 अप्रैल को लू पड़ने की संभावना है। इसके साथ ही केरल, माहे, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में 17 से 20 अप्रैल तक गरम और उमस भरे मौसम की चेतावनी है। राजस्थान (17 अप्रैल) और उत्तर प्रदेश (17-18 अप्रैल) में गर्म रातों की स्थिति भी बन सकती है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper