इंदौर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर होगा ऐतिहासिक भूमिपूजन समारोह
श्री बलाई सकल पंच राधा कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला के पुनर्निर्माण कार्य की होगी शुरुआत
पत्रकार :- खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर जूनी इंदौर के श्रीकृष्ण नगर स्थित श्री बलाई सकल पंच राधा कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला समिति द्वारा समाज की ऐतिहासिक पुरानी धर्मशाला के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण कार्य का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया जाएगा।
4 सितंबर 2026, शुक्रवार को सुबह 10:30 बजे होने वाले इस कार्यक्रम के साथ नवीन भवन निर्माण कार्य की शुरुआत होगी। प्रस्तावित भवन में राधा-कृष्ण मंदिर, मैरिज हॉल, शैक्षणिक एवं अतिथि कक्ष तथा सामाजिक संस्थाओं के कार्यालय सहित समाजहित से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
समिति अध्यक्ष अशोक कुमार मालवीय के अनुसार, यह आयोजन केवल भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि समाज की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की नई दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय तथा मंत्री तुलसीराम सिलावट की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 के विधायक गोलू शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं समाजजन भी समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम स्थल:
श्री बलाई सकल पंच राधा कृष्ण मंदिर एवं धर्मशाला,
10 श्रीकृष्ण नगर, कटकटपुरा, जूनी इंदौर।
आयोजक समिति ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
एकता, सहभागिता और सहयोग के संकल्प के साथ होने वाला यह भूमिपूजन समारोह समाज की गौरवशाली विरासत और नई पीढ़ी के विकास के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बनने जा रहा है।

