केरल में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, तमिलनाडु के 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौत
त्रिशूर। केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक खौफनाक सड़क हादसे में तमिलनाडु के 8 इंजीनियरिंग छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब छात्रों की तेज रफ्तार कार हाईवे किनारे खड़े एक लॉरी (ट्रक) से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव लोहे के मलबे में बुरी तरह फंस गए।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब 11:40 बजे काइपमंगलम के पास पनमबिक्कुन्नू में नेशनल हाइवे पर हुई। सभी छात्र गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की तरफ जा रहे थे।
शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस रास्ते पर यह हादसा हुआ, वहां सड़क मरम्मत का काम चल रहा था। सड़क किनारे एक ही दिशा में खड़े ट्रक से कार पीछे से बेहद तेज रफ्तार में टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार था कि 7 छात्रों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक छात्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दो छात्रों के शव कार के मलबे में इस कदर फंसे थे कि दमकलकर्मियों को कार की बॉडी काटने वाले कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
हादसे का शिकार हुई कार तमिलनाडु (मदुरै) रजिस्ट्रेशन की है। घटनास्थल से डिंडीगुल स्थित 'पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज' के एक छात्र का पहचान पत्र बरामद हुआ है।
मृतकों की पहचान विश्व (20), निवासी सलेम, सूर्या (20), निवासी दिंडीगुल, संतोष (20), निवासी मदुरै, प्रसन्ना (मधुरा) और युवसंजीत (20, दिंडीगुल) के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आठों शवों को कब्जे में लेकर त्रिशूर मेडिकल कॉलेज के शवगृह में भिजवा दिया है। मृतकों के परिजनों को तमिलनाडु में सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
साभार लाइव हिन्दुस्तान

