कुल्लू में भीषण सड़क हादसा: आनी में NH-305 पर कार दुर्घटनाग्रस्त, जाबो गांव के 4 युवकों की मौत; 1 घायल
आनी(कुल्लू)। कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में मंगलवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। हरिपुर-नागन क्षेत्र में नेशनल हाईवे-305 पर करीब साढ़े तीन बजे एक कार ह्यूंडई एक्सटर नंबर HP 35 9123 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में करीब पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और राहत-बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) कुल्लू से मिली जानकारी के अनुसार हादसे की सूचना संबंधित प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, तहसीलदार आनी, एसडीके आनी और एसडीएम आनी को भी घटना की जानकारी दी गई।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राहुल राणा पुत्र जगदीश, विकास उर्फ विक्की पुत्र हीरा सिंह, गुंजन पुत्र राम प्रकाश और बालकृष्ण पुत्र धिक राम के रूप में हुई है। बताया गया है कि चारों मृतक आनी उपमंडल के जाबो गांव के रहने वाले थे। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवारों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

