आंध्र प्रदेश में इंसानियत की भारी कीमत: तुंगभद्रा नदी में डूब रही लड़की को तो बचा लिया, लेकिन बचाने कूदे 5 लोग डूबे
मंत्रालयम. आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शनिवार शाम जो हुआ, वह बहादुरी, इंसानियत और त्रासदी की ऐसी कहानी है, जिसे सुनकर दिल भारी हो जाता है. यहां एक नाबालिग लड़की तुंगभद्रा नदी में फिसलकर गिर गई थी, जिसे बचाने के लिए पांच लोग नदी में कूद गए. पुलिस का कहना है कि सभी लोग पानी में डूब गए. वहीं लड़की को बचा लिया गया है. मृतक आस-पास के गांवों के रहने वाले थे. रेस्क्यू टीम उनकी तलाश कर रही है.
एजेंसी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे का वक्त था. मंत्रालयम इलाके में बहने वाली तुंगभद्रा नदी के किनारे लोग मौजूद थे. इसी बीच एक नाबालिग लड़की नदी के किनारे अपने पैर धो रही थी. तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और वह फिसलकर नदी में गिर गई. देखते ही देखते वह तेज बहाव में बहने लगी.
नदी में बहती लड़की को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी के पास सोचने का समय नहीं था. लड़की की जान खतरे में थी और उसे बचाने के लिए कुछ लोगों ने तुरंत नदी में छलांग लगा दी. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया.
साभार आज तक

