स्लीपर बस में गुजरात भेजी जा रही 52 लाख की अवैध शराब जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव-
इंदौर, 11 जुलाई। थाना चंदननगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्लीपर बस से करीब 210.480 लीटर अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है। कार्रवाई के दौरान परमेश्वर वैष्णव और रितेश भंवर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बस भी जब्त की है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 52 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मयंक अवस्थी, पुलिस उपायुक्त सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दिशेष अग्रवाल एवं सहायक पुलिस आयुक्त शिवेंदु जोशी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तिलक कारोले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाण्डे बस सर्विस के सामने खड़ी स्काय ट्रेवल्स की बस क्रमांक MP 44 ZF 5270 की डिग्गी में अवैध शराब रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने बस की तलाशी ली, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 210.480 लीटर मात्रा बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे इंदौर से कम कीमत पर शराब खरीदकर गुजरात के सूरत सहित अन्य शहरों में अधिक कीमत पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस अब शराब के स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से रिमांड पर पूछताछ करेगी।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी तिलक कारोले सहित उपनिरीक्षक सौरभ कुशवाह, सेवना सिंह औसारी, प्रधान आरक्षक बलराम चौहान, जितेंद्र सोलंकी तथा आरक्षक धीरज पाण्डेय, हरि सिंह राजपूत, अनिल मकवाना और सुनील सोनी की सराहनीय भूमिका रही

