IMD ने भीषण गर्मी की जारी की चेतावनी, 4 से 6 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है अधिकतम तापमान
उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे राहत मिलना इस सप्ताह मुश्किल है। इधर, पहले ही बारिश की मार झेल रहे जम्मू और कश्मीर को सोमवार को भी राहत के आसार नहीं है। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
IMD ने रविवार को जानकारी दी है कि 5 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। वहीं, मध्य भारत में मंगलवार से अधिकतम तापमान के 2-3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं। पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है। इसके अलावा विभाग ने कई राज्यों में लू की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में 22 से 24 अप्रैल, राजस्थान, हरियाणा में 23 और 24 अप्रैल, विदर्भ में 21 से 23 अप्रैल तक लू की स्थिति बन सकती हैं। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचैरी, करईकल में 22 अप्रैल तक मौसम बेहद गर्म और उमस भरा रह सकता है। गुजरात में 22 से 24 अप्रैल तक ऐसे मौसम के आसार हैं।
साभार लाइव हिन्दुस्तान