खुड़ैल मारपीट मामले में पीड़ित ने एसपी (ग्रामीण) से लगाई न्याय की गुहार, निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग

  • Share on :

पत्रकार खुशबू श्रीवास्तव
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र के 8 मील निवासी अफसर पटेल ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इंदौर को लिखित शिकायत देकर मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने पूर्व नियोजित तरीके से लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला किया, जिसमें वह और उनके परिवार के सदस्य घायल हो गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित रूप से कार से कुचलकर जान से मारने का भी प्रयास किया। पीड़ित का कहना है कि घटना में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं तथा मारपीट का वीडियो भी उनके पास उपलब्ध है, जिसे जांच में शामिल किए जाने की मांग की गई है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद खुड़ैल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे तो उनकी सुनवाई नहीं की गई। काफी प्रयास और दबाव के बाद एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन गंभीर आरोपों के बावजूद हल्की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जानलेवा हमले, कार से कुचलने के प्रयास और गंभीर चोटों जैसे तथ्यों को उचित रूप से शामिल नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं तथा खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि जमीन बेचकर भी मामला दबा देंगे। इसे देखते हुए उन्होंने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, उपलब्ध वीडियो साक्ष्यों को जांच में शामिल करने, आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने तथा थाना स्तर पर हुई कथित लापरवाही की जांच कर विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Latest News

Everyday news at your fingertips Try Ranjeet Times E-Paper